सोमवार, 7 नवंबर 2016

चाल,चलन,चरित्र

                    आज देश में चारित्रिक अराजकता है।नव युवक/युवती  राजनेता , सामजिक नेता  को आदर्श मान कर अपना चरित्र  निर्माण करते हैं। परन्तु आज देश में कोई भी व्यक्ति ऐसा दिखाई नहीं दे रहा है जिसे नई पीढ़ी आदर्श मान सके। पहले स्कूलों में चरित्र निर्माण के उद्देश्य से नैतिक शिक्षा  दी जाती थी, जिसमे महान  व्यक्तियों की जीवनियाँ ,कुछ मूल्यपरक कहानियाँ होती थीं।उस से बच्चों में जीवन के  उपयोगी मूल्यों का ज्ञान होता था और वे उन मूल्यों  को अपने जीवन में पालन कारने की प्रयत्न करते थे। परन्तु  आज मूल्यपरक शिक्षा की हल्ला तो होती है परन्तु कार्य नहीं होता। आज कल किसी ने कुछ कहा उसको लेकर अलग अलग व्यक्ति .अलग अलग अर्थ निकल  रहे है। इसे देखकर बचपन में पढ़ी हुई एक कहानी याद आ गई।
                    प्राचीन काल में प्रकाण्ड ज्ञानी एक महर्षि थे।उनके ज्ञान की चर्चा देव ,मानव ,दैत्य, सभी में  होती  थी।सभी उनसे शिक्षा प्राप्त करने के लिए आते थे।उनका नाम था महर्षि यज्ञवल्क। एक दिन  महर्षि यज्ञवल्क के पास  एक- एक कर तीन बालक शिक्षा ग्रहण करने  के लिए आये। पहला बालक एक देव कुमार था। देव कुमार महर्षि के पैर छू कर प्रणाम किया। .तत्पश्चात हाथ जोड़कर कहा ,"गुरुदेव ! मै आपसे शिक्षा प्राप्त करने  की अभिलाषा लेकर आया हूँ। आप मुझे शिष्य के रूप में स्वीकार कर मुझ पर अनुकम्पा करें । ".
                   देव कुमार की आग्रह को देख कर महर्षि ने कहा "तथास्तु ". और अन्य शिष्यों ने देवकुमार को लेकर गुरुदेव द्वारा निर्दिष्ट स्थान पर उसको पहुचां दिया। उसके रहने और पड़ने की ब्यवस्था कर दी।
                   थोड़ी देर बाद आया एक मानव बालक।उसने भी महर्षि  के पैर छू कर प्रणाम किया और कहा, "गुरुदेव मैं आपसे शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा लेकर आया हूँ।आप मुझे शिष्य बनाकर मुझ पर कृपा करे  " महर्षि ने पूर्ववत सर  हिलाया और कहा ,"तथास्तु ". तब मानव पुत्र भी यथा स्थान जाकर अपना अध्ययन शुरू कर दिया ।
                   अंत में  आया एक दानव पुत्र। उसने महर्षि को प्रणाम करने बाद कहा ,"गुरुदेव मैं आपका शिष्य बनना चाहता हूँ। आप मुझे शिष्य के रूप में ग्रहण करें। गुरु देव ने उसको भी "तथास्तु " कहा और तीनो शिष्य अध्ययन में रत हो गए।
                   देवता में बुद्धि तीक्ष्ण  होती है। कोई भी विषय को हो जल्दी समझ जाते है। यहाँ भी वही  हुआ। कुछ दिनों के बाद सबसे पहले देवकुमार अपनी पढाई बहुत जल्दी समाप्त कर महर्षि के पास आकर प्रणाम किया और कहा , "गुरुदेव मैंने आपके दिए हुए  वेद , पुराण आदि सब शास्त्रों का अध्ययन पूरा कर लिया है। आप मुझे उपदेश दीजिये।"
                   गुरुदेव मुस्कुराते हुए देवकुमार को देखा और कहा ," द ".और चुप होगये। देव कुमार को कुछ भी समझ में नहीं आया । वह सोच रहा था, गुरुदेव बहुत अच्छी अच्छी बातें बताएँगे, जिसे वह ध्यान लगाकर सुनेगा और जीवन में उसका पालन करेगा।लेकिन यह क्या गुरुदेव के मुहँ से केवल एक शब्द "द " और कुछ नहीं? लेकिन दुरुदेव के मुहँ से कोई निरर्थक शब्द नहीं निकल सकता ,यही सोचकर वह   "द "  का अर्थ समझने की कोशिश करने लगा। थोड़ी देर सोचने के बाद उसने कहा ,"गुरुदेव मैं आपके उपदेश  का अर्थ समझ गया।"
 गुरुदेव ने कहा ,"हूँ  .  ....., बताओ।"
  देवकुमार ने कहा ,  " 'द'  का अर्थ 'दमन'। "
गरुदेव ने "हाँ " में सिर हिलाया और देवकुमार प्रणाम कर प्रस्थान किया।
                    मनुष्य में देवतायों से कम परन्तु दैत्यों से अधिक बुद्धि होती है।इसलिए मानव पुत्र ने भी जल्दी ही अपनी पढाई समाप्त कर गुरुदेव के पास आया, प्रणाम किया और निवेदन किया ," गुरुदेव मैंने सभी वेद पुराण आदि शास्त्रों का अध्ययन कर लिया है, मुझे उपदेश दीजिये।"
गुरुदेव ने पूर्ववत मुस्कुराया और कहा ,"द " और चुप हो गए।  मानव को आश्चर्य हुआ।सोचने लगा - गुरुदेव का यह कैसा उपदेश? परन्तु यही सोचकर की दुरुदेव के मुहँ से जो निकला है उसका कुछ तो अर्थ होगा ,वह सोचने लगा। कुछ देर बाद उसने कहा , "गुरुदेव आपके उपदेश का अर्थ मेरे समझ में आ गया है।"
गुरुदेव ने कहा ,"बताओ ",
मानव ने कहा ," 'द' का अर्थ है 'दान' "
गरुदेव ने फिर हाँ में सिर हिलाया और मानव प्रणाम कर आशीर्वाद लिया  और चला गया।
                  अन्त में दानव आया।उसने भी प्रणाम करने के बाद कहा," गुरुदेव मुझे उपदेश दीजिये।"
गुरुदेव ने वही शब्द फिर से कहा , "द ".
दानव भौंचक्का रह गया।उसकी मोटी बुद्धि में कुछ नहीं आया।  यह सोचकर की गुरुदेव जो कुछ बोलते हैं उसका कुछ न कुछ अर्थ जरुर होता है। वह सोचता रहा ,अंत में उसने "द " का अर्थ समझ लिया। उसने ख़ुशी ख़ुशी कहा, "गुरुदेव मुझे आपके उपदेश का अर्थ समझ में आ गया।"
गुरुदेव ने कहा ,"बताओ "
" 'द ' का  अर्थ है  'दया' " दानव  ने कहा।
गुरुदेव ने  मुस्कुराया । दानव प्रणाम किया और चला गया।
                उन तीनो शिष्यों के जाने के बाद आश्रम में उपस्थित अन्य शिष्यों ने  उत्सुकता से प्रश्न किया , "गुरुदेव आपने तीनों को एक ही उपदेश दिया। परन्तु उन तीनों ने अलग अलग उतर दिया, दमन ,दान और दया, और अपने तीनो उत्तर को सही बताया यह कैसे हो सकता है?
गुरुदेव ने कहा, "वत्सों किसी भी शब्द का एक अर्थ नहीं होता ,अनेक अर्थ होते है। यह व्यक्ति के सोच, उसकी समझ ,उसका परिवेश और जीवन के प्रति उनका दृष्टिकोण ही निर्धारित करता है कि वह कौन सा  अर्थ समझेगा। देश , काल, परिवेश के अनुसार शब्द का अर्थ बदलता है।" गुरुदेव ने आगे कहा ," देवता स्वभाव से भोग विलासी होते हैं। इन्द्र सुख के लिए कुछ भी कर सकते है।यही इन्द्रियां उन्हें सुख देती है और दुःख भी। इसलिए देवकुमार ने सोचा कि गुरुदेव ने मुझे इन्द्रियां दमन करने के लिए कहा। इसलिए उसने 'द ' का अर्थ 'दमन' बताया।"
 मानव के बारे में गुरुदेव ने बताया ," मानव स्वभाव से संचयी होते हैं। उसे जितना चाहिए  उससे ज्यादा संग्रह करना चाहता है। जीवन भर इतना संग्रह कर लेता है कि मृत्यु तक उसका उपयोग भी नहीं कर पाता।  इसलिए मानव  ने सोचा कि जिसका हम उपयोग नहीं कर सकते उसका 'दान' करने के लिए गुरुदेव ने कहा है।यही सोचकर मानव ने 'द ' का अर्थ 'दान' कहा है।"
                 "दानव स्वभाव से क्रूर ,निर्दयी होते है।मारपीट में विश्वास  रखते हैं। "द " से उसने सोचा कि गुरुदेव ने उसे दुसरो पर "दया " करने के लिये कहा है। इसलिए उसने 'द ' का अर्थ 'दया ' बताया। "

इस प्रकार महर्षि यज्ञवल्क ने शिष्यों को समझाया कि  परिवेश, पारिवारिक संकृति बच्चों के चरित्र निर्माण, उसकी सोच को दिशा देने में  महत्वपूर्ण भूमिका निभाते  हैं।


(अगले अंक में देखिये: - हमारे देश में अलग अलग परिवेश से आये नेता गण के चाल ,चलन , चरित्र  "द " के संदर्भ में।)

कालीपद "प्रसाद "

                    




                
















शुक्रवार, 5 अगस्त 2016

प्रायश्चित्त,

                                             प्रायश्चित


          हीरानंद की बेटी रमला की शादी थी | गाँव के सभी लोग शादी में आमंत्रित थे |उत्सुकता से सब लोग बारात का इंतज़ार कर रहे थे |थोड़ी देर में बारात आ पहुँची | दूल्हा घोड़ी पर बैठा था और बाराती बाजे के साथ साथ थिरक रहे थे |द्वार पर स्वागत के लिए लड़की वाले आरती की थाली लेकर खड़े थे |दूल्हा जब द्वार पर पहुँचा तो गाँव के लोग दूल्हा के साथ खड़े एक चेहरे को देख कर भौंचक्के रह गए |वह व्यक्ति था शिवानन्द |केवल यही गाँव नहीं,आसपास के गाँव के लोग भी जानते थे कि हीरानंद और शिवानन्द के परिवारों में कट्टर दुश्मनी का रिश्ता है | कभी ये दोनों जिगरी दोस्त हुआ करते थे |अपनी दोस्ती को सदा कायम रखने के लिए दोनों ने मिलकर रमला की शादी शिवानन्द के बडे बेटे सुरेश से कर दी थी | रमला उस समय पाँच साल की थी और सुरेश सात साल का | विवाह के बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं था | बड़े हो कर सुरेश जब पढने शहर गया तो उसने कालेज में ही अपनी एक सहपाठिनी से प्रेम विवाह कर लिया और वहीँ शहर में ही रह गया | उस समय से दोनों परिवारों में दुश्मनी हो गई थी |

           आज शिवानन्द को बाराती के साथ देख कर गाँव वालों ने उसे घेर लिया और पूछा, “”आप यहाँ क्यों आये हैं?” गांववालों का आक्रोश देखकर हीरानंद आगे आया और शिवानन्द को गले लगा लिया फिर गाँव वालों को सम्बोधित करते हुए कहा, “भाइयों शिवानन्द आज मेरे साथ यहाँ अपने कुकर्म का प्रायश्चित करने आये है | हमने बिना समझे  बाल विवाह जैसे कुरीति को प्रश्रय दिया था और दोनों बच्चो की शादी कर दी थी | वे हम दोनों की गलती थी | शिवानन्द भी कभी अपने आप को क्षमा नहीं कर पाया और मुझसे सलाह करके ही उसने इस शादी की जिम्मेदारी अपने कन्धे पर उठाई | यह हम दोनों के कुकर्म का प्रायश्चित हैं|”


कालीपद 'प्रसाद'

शनिवार, 14 मई 2016

कोल्हू के बैल





                            एक कस्बे में एक साहूकार रहता था।उनके तीन बेटे थे। साहूकार ने अपने जीवन में गरीबी के दिन देखा था । एक एक पाई के लिए खून  पसीना  एक करना पड़ता था।  उसने यह सोच लिया था कि वह अपने बच्चों को इस गरीबी से मुक्ति दिलायेगा ।  इसलिए अपनी छोटी सी  दूकान से जो भी अर्जित होता था उसमें से केवल आधा ही अपने घर के खर्च के लिए उपयोग करता था बाकि सब अपने बेटों की पढाई लिखाई  के लिए जमा करके रखता था। बच्चे बड़े होते गए। उनके रहन- सहन , पढ़ाई  -लिखाई के खर्चे भी बढ़ते गए। साहूकार ने अपने संचित कोष से सबकी मांग पूरी की।सबको अपने अपने मन पसंद शिक्षा प्राप्त करने में पूरा सहयोग दिया, इस उम्मीद के साथ कि " बच्चे बड़े होकर अपने अपने पैर पर   खड़े हो जायेंगे।किसी को किसी के  सामने हाथ फ़ैलाने की जरुरत नहीं होगी। सब अपने अपने परिवार में खुश रहेंगे।  तीनो भाइयों के बाल बच्चे होंगे , हमारा एक भरा पूरा परिवार होगा। उस परिवार का ज्येष्टतम सदस्य होंगे हम, मैं और  मेरी पत्नी । हमें खूब आदर ,सम्मान मिलेगा। "                      
              बड़ा बेटा मोहित एल .एल .बी . की पढ़ाई समाप्त कर एडवोकेट बन गया। जिला अदालत में  प्राक्टिस करने लगा .वहीँ एक घर किराये पर  लेकर रहने लगा। शनिवार को घर आ जाता था और सोमवार को चला जाता था । इसके बाद दूसरा बेटा रोहित बी इ  पूरा करते ही उसे नौकरी मिल  गई। वह भी बाहर दुसरे शहर चला गया। तीसरा बेटा  रोनित का एम् बी बी एस  पूरा होने पर शहर में क्लिनिक खोल लिया। तीनो शनिवार को माँ बाप से मिलने घर आते और  कोई रविवार या कोई सोमवार अपने अपने कार्यस्थल पर पहुँच जाते।
                       साहूकार ने अब अपने बेटों के विवाह  के लिए योग्य पात्रियों का खोज करने लगा। इसमें उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उन्होंने एक एक कर तीनो बेटों की शादी कर दी। सभी बहुएं अपने अपने पति के साथ चली गई तो घर में रह गए साहूकार  और धर्मपत्नी सविता। जब सब चले गए तो साहूकार उदास हो गए परन्तु यह सोचकर कि बच्चे काम के लिए बाहर तो जायेंगे ही ,घर मे  बैठे तो नहीं रह सकते ,इसमें दुःख की क्या बात है ? वे लोग शनिवार और दुसरे छुट्टियों में तो आयेंगे ही ,तब जी भरके सबसे बात करेंगे।
                        शाहुकार को भरपूरा परिवार अच्छा लगता था।उसने उम्मीद किया  था कि  बच्चे अब उनसे आराम करने के  किये लिए  कहेंगे। . चलकर उनके साथ रहने के लिए कहेंगे।  अब दिन भर दूकान में बैठकर बूढी हड्डी में दर्द होने लग जाता है। शामको ठीक से खड़ा भी नहीं हो  पाता है । परन्तु हाय रे नियति ! साहूकार की आराम की बात  तो दूर , महीनो बीत जाता  कोई बेटा झांक कर  भी  नहीं देखता, न फोन पर हालचाल  पुछता।सब अपने अपने दुनिया में मस्त हो गए। साहूकार की पत्नी जब कभी फोन करती तब एक ही जवाब मिलता ,"काम बहुत है इसलिए नहीं आ पा रहे  है।"सभी लोग काम में इतना व्यस्त हो गए कि  माँ बाप के हालचाल पूछने का भी  समय नहीं है, यह बात साहूकार को हजम नहीं हुआ।वह कुछ नहीं कहता ,मन मसोस कर रह् जाता।उसे अकेलापन महसूस होने लगा।वह अवसाद ग्रस्त होने लगा।
                         दूकान अक्सर बंद रहता था क्योकि साहूकार की मानसिक पीड़ा और बुखार ने उन्हें बहुत कमजोर   बना दिया था।जब शाहूकार शय्याशायी हो गए तब साहूकार की पत्नी सबिता  ने छोटे बेटे रोनित को फोन कर  बताया कि उसके पिता बीमार है। रोनित पिता को देखने आया  और कुछ  दवाइयाँ देकर माँ को  कहा , "इन दवाइयों को सुबह, दोपहर और शाम खाना खाने के बाद खिलाओ, आराम हो जाएगा।खून के परिक्षण के बाद पता चलेगा कि बुखार का कारण  क्या है। रोनित अपने क्लिनिक लौटकर अपने दोनों भाइयों को फोन से पिताजी के बिमारी के बारे में बताया। यह भी बताया कि अगले रविवार को वह फिर घर जा रहा है।
                      रविवार को सबसे पहले रोनित अपनी पत्नी  के साथ आया। पिताजी का ब्लोड़  रिपोर्ट भी साथ लाया था। उसने पिता जी को बताया की रक्त की कमी है। साथ में उसने दवाइयाँ भी लाया था। उसे कब कब खाना है यही बता रहा  था  अभी मोहित और रोहित भी आ पहुचे। दोनों ने रोनित से  पिताजी के बारे में पूछा। रोनित ने बताया कि  उनको खून की कमी के साथ स्नोफिलिया भी है।  इसकी वजह तकलीफें  ज्यादा है परन्तु अभी पहले से अच्छा है। साहूकार को अच्छा लगा कि उनकी बीमारी की बात सुनकर तीनों बेटे दौड़कर उन्हें देखने आये लेकिन यह ख़ुशी ज्यादा देर तक रह नहीं पाई। . 
                         रोनित  ने कहा ,"पिताजी को आराम करने दो, आप सब पास  वाले कमरे में जाकर बैठो।  सब लोग दुसरे कमरे में जाकर बैठ गए। सभी बहुएं भी उपस्थित थी। उन सबको मुखातिब होकर साहूकार की पत्नी   ने कहा ,"बेटे अब तुम्हारे पिताजी दूकान ठीक से चला नहीं पा रहे है। इस उम्र में  दिन भर  एक जगह बैठे रहना कष्ट दायक है। हाथ पैर फुल जाता है। कमर के दर्द से परेशान हैं। उनकी इच्छा है कि वह दूकान बंद कर दें और तुम लोगो के पास बारी बारी से रहे। तुम लोग क्या कहते हो।"
                        इसपर रोहित ने कहा ,"मैं तो शहर में एक कमरा वाला घर किराया में लेकर रहत हूँ। वहां तो जगह  नहीं है और दो या तीन कमरे वाला  घर का किराया इतना ज्यादा है कि  मैं ले नहीं सकता. इसलिए आपलोग भैया के पास या रोनित के पास रह सकते हैं। "
                  मोहित, जो एडवोकेट है, कहने लगा ," मेरा प्राक्टिस ठीक से चल नहीं रहा है। इसलिए हमेशा कडकी रहती है। रोनित का क्लिनिक अच्छा चल रहा है।"  रोनित दोनों भाइयों की ररफ देखा फिर बोला ,"भैया ,मेरा क्लिनिक तो अभी अभी शुरू हुआ है ,पास में बहुत पुराने क्लिनिक हैं। लोग ज्यादा उधर जाते हैं। अभी मुझे पैर जमाने में समय लगेगा।"  
                   साहूकार पास के कमरे में लेट कर बच्चों की सारी  बातें सुन ली।उनको बड़ा दू:ख हुआ  कि  जिन बच्चों के लिए सभी सुख सुविधायों को त्यागकर उनके भविष्य संवारने लगे थे ,वे आज उनकी जिम्मेदारी लेने  के लिए तैयार नहीं है , सब अपनी अपनी लाचारी बता रहे हैं। बच्चों की रवैया देखकर दिलको अचानक , अप्रत्याशित  गहरी चोट लगी। दिल  रो उठा, आँखों  के कोने से दो बूंद आंसू आहिस्ता आहिस्ता लुडक गए। साहूकार के आँख पर पुत्र मोह की जो पट्टी बंधी थी ,मन को कड़ा  करके उसने उसे हटा दिया। वह धीरे धीरे उठ बैठा और आवाज देकर सबको अपने कमरे में बुला लिया।
              जब सब लोग आ गए तब साहूकार ने कहना शुरू किया ," बेटे तुम सबको बहुत धन्यवाद !मेरी बीमारी की बात सुनकर तुम लोग अपने अपने काम धंधे छोड़कर मुझे देखने आये। तुम लोगो को हमारे बारे में चिंता करने की जरुरत नहीं है। तुम्हारी माँ ने जो कुछ कहा उसपर ध्यान मत देना। माँ ,बाप तो होते ही कोल्हू के बैल जैसे।कोल्हू के बैल को जब घानी  में जोता  जाता है तब उसके आँखों पर काली पट्टी बाँध दी जाती है ताकि  वह यह देख न पाए कि कितना तेल निकला है क्योंकि उसके दिल में भी तेल पीने की इच्छा होती है। इसलिए तेली उसके आंखों की पट्टी खोलने के पहले तेल अन्य पात्र में स्थानांतरित कर देता है।जब बैल की आँख की पट्टी खुलती है तो वह देखता है पात्र में तो तेल नहीं है या नहीं के बराबर है।इतना मेह्नात् करने  के बाद भी विन्दुमात्र तेल भी नहीं निकला ........... ?'"
                साहूकार एक लम्बी स्वांस छोड़कर फिर कहना शुरू किया ,"माँ बाप के आँखों पर भी पुत्र-पुत्री पेम की पट्टी बंधी  रहती है।प्यार ,मुहब्बत में वे यह सोचते रहते है की ये बच्चे ही तो हैं जो हमें वृद्धावस्था में प्यार देंगे ,सम्मान देंगे,बुढ़ापा का लाठी बनकर हमें सहरा  देंगे।  परन्तु आँखों  की पट्ठी जब खुलती है तो पता लगता है कि  जिसे वे प्यार समझ कर बच्चों में लुटा रहे थे  ,वह प्यार है ही नहीं। बच्चे तो उसे माँ बाप का फर्ज मानकर भूल जाते है। बच्चों के पास माँ बाप से बात करने का न तो समय है ,न दिल में प्यार या आदर की भावना।इस हालत में माँ बाप का कर्मफल का पात्र खाली के खाली रह जाता है .न उसमे किसी का प्यार होता है ,न आदर सम्मान ,होता है केवल अवहेलना और एकाकीपन। हुए न माँ बाप कोल्हू के बैल ?"  
                     खैर ,अच्छा  लगा  ,तुम लोग आये और ईश्वर ने  ही तुमलोगों के माध्यम से मेरी आँखों की पट्टी खोल दी। वास्तव में "आशा ' "उम्मीद" नामक  बिमारी ने मुझे जकड लिया था। है तो यह मानसिक बीमारी लेकिन मेरे मन के साथ साथ शरीर को  भी  बहुत कमजोर  और  पंगु  बना दिया था। मन से जब मैंने  इन बिमारियों को निकाल बाहर फेंका तो मुझे अच्छा लगने लगा है। काम करने का उत्साह पैदा हो रहा है। नये  सिरे से  जिंदगी जीने की इच्छा पैदा हो रही है।  तुम लोग हमारी चिंता मत करो। जाओ अपने अपने काम में लग जाओ। कभी कोई जरुरत होगी तो हम तुम्हे बता देंगे। अब मुझे थोडा आराम करने दो।" कहकर साहूकार लेट गया। 
                 बड़ा बेटा  मोहित कुछ कहना चाहता था परन्तु  डा .रोहित ने इशारे से मना  कर दिया और सबको बाहर जाने के लिए कहा। धीरे धीरे सब निकल कर पास वाले कमरे में जाकर बैठ गए। कमरे में शांति छाई हुई थी। किसी ने कुछ नहीं कहा। बच्चों को अपनी गलती का एहसास हो चूका था परन्तु क्या करे समझ नहीं पा रहे थे। माँ ने बच्चों से कहा ,"तुम लोग अभी जाओ ,बाद में मैं तुम्हारे पिताजी से बात करुँगी। बच्चों ने  माँ से वादा किया की वे अब हर सप्ताह बारी बारी आया करेंगे और पुरे दिन उन  लोगों के साथ रहेंगे।
                     साहूकार के गृहस्थी में फिर से एकबार खुशियाँ  दस्तक देने लगी थी। अब हर शनिवार कोई बेटा   घर आ जाते थे  और पूरा रविवार उनके साथ बिताते थे । साहूकार की एकाकीपन   दूर होने लगा। वह खुश रहने लगा। साहूकार दूकान में एक नौकर रख लिया था । लेन देन ,  हिसाब किताब सब वही  करता  था। साहूकार केवल पैसा लेने का काम करता था । सप्ताह में एक दिन वह वृद्धाश्रम जाकर सभी आश्रमवासी का  एक दिन का भोजन का  प्रबंध दूकान के आमदनी से करने लगा।आश्रम वासियों से घुलमिल कर बात करने में शाहुकार को बहुत आनंद आता था।  शाम को जब पति पत्नी  घर लौट आते तो उन्हें मन की  शांति मिलती  यह सोचकर कि यह काम "आशा -उम्मीद" से परे है इसलिए इसमें  न दू:ख है न  धोखा होने की कोई भय है।


"आशा -अपेक्षा -उम्मीद ", जब पूरा नहीं होता  तो दू:ख् होता है। इनसे जो मुक्त है वह सुखी है।          



रचना :कालीपद "प्रसाद"
सर्वाधिकार सुरक्षित
   
   

                      
   

शनिवार, 30 अप्रैल 2016

मजदूर दिवस !


 मजदूर दिवस !

मई महीने के पहला दिन को मे डे के रूप में मनाया जाता है | इसे “अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस” या केवल “मजदूर दिवस” भी कहते हैं | १८६० से ही १० से १६ घन्टे की कार्यावधि एवं कार्य क्षेत्र की प्रतिकूल परिस्थिति के विरुद्ध ८ घन्टे प्रतिदिन कार्यावधि और कार्य क्षेत्र की बेहतर परिस्थिति की माँग उठती रही थी | परन्तु इसकी स्वीकृति यु एस में १८८६ में मिली | पहली मई १८८६ को यु एस के १३००० औद्योगिक संस्थानों से तीन लाख से भी अधिक लोग काम छोड़कर मई दिवस मनाने चले गए | सिकागो में ४०००० लोग हड़ताल पर बैठ गए | तब से मई दिवस मनाये जाने लगा | अन्तर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पहली मई (First May ) को मनाया जाता है परन्तु यु एस में सितम्बर में मनाया जाता है |
       वास्तव में यह मजदूर ही है जिसके खून पसीने के बल पर दुनिया प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है | चाहे यु एस का व्हाइट हॉउस हो, या बकिंघम पैलेस हो , या फिर ताजमहल या राष्ट्रपति भवन हो ,इन सबके हर ईंट, हर पत्थर मजदूरों के पसीने से भीगा हुआ है | अगर ये इमारतें प्रगति के मापदण्ड हैं, तो इस प्रगति का प्रमुख श्रेय इन मजदूरों को जाना चाहिए | समाज को उनके प्रति कृतज्ञ होना चाहिए| किन्तु अकृतज्ञ शाहजहाँ ने तो उन मजदूरों के हाथ कटवा दिये थे ताकि वे दूसरा ताजमहल न बना सके | यह स्वार्थ और अकृतज्ञता का पराकाष्ठा है | आज भी मजदूरों से ८ घन्टे से ज्यादा काम कराया जाता है परन्तु उन्हें पूरी मजदूरी नहीं दी जाती है | शहरी क्षेत्र में हालत थोडा सुधरी है परन्तु ग्रामीण क्षेत्र में मजदूरी पूरी नहीं मिलती | बिहार और झाडखंड जैसे राज्यों से ऐसी खबरें आये दिन समाचार पत्रों में पढने को मिलती है |
       देश की उन्नति में मजदूरों का योगदान अतुलनीय है | खेत खलिहानों में मजदूर, सड़क निर्माण में मजदूर, गृह निर्माण में मजदूर, औद्योगिक संस्थानों के उत्पादों में मजदूर, मजदूर का कार्यक्षेत्र असीमित है| उनकी महता भी असीमित है | सबसे बड़ी बात यह है कि देश निर्माण के हर क्षेत्र में पहला ईंट और आखरी ईंट वही रखता है, परन्तु कभी घमंड से यह नहीं कहता है कि मैं देश सेवा करता हूँ या मैं राष्ट्र भक्त हूँ | उसका समर्पित भाव ही बता देता है कि वह राष्ट्रभक्त है और राष्ट्रवादी भी | उसके विपरीत नेता और अधिकारी काम के लिए मोटी तनख्वा तो लेते ही हैं, साथ में बड़े बड़े घपले करते हैं, |अरबों रुपये लूटकर अपने तिजोरी भर लेते हैं और देशसेवा और देश भक्ति का दावा करते हैं |
      आजकल “राष्ट्रवादी” शब्द का प्रयोग बहुत ज्यादा हो रहा है | एक दो चुने हुए नारा लगा दिया और खुद को स्वयं ही राष्ट्रवादी घोषित कर दिया | जिसने वह विशेष नारा नहीं लगाया, उसे राष्ट्र विरोधी घोषित कर दिया | अपनी आवाज को बुलंद करने के लिए जुलुश निकाला और राष्ट्र की संपत्ति (बस, भवन इत्यादि ) को नुक्सान पहुंचाया| उनसे ज़रा कोई पूछे कि मजदूर जो कभी कोई नारा नहीं लगाता है, परन्तु राष्ट्र की संपत्ति निर्माण में अपना खून पसीना एक कर रहे हैं, वे सब मजदूर राष्ट्रवादी  हैं या नारा लगाकर राष्ट्रीय संपत्ति को हानि पहुँचाने वाले राष्ट्रवादी हैं ? नारा लागाने से कोई राष्ट्रभक्त नहीं बन जाता है और ना लगाने वाले देशद्रोही नहीं बन जाता है | जो सच्चे मन से देश के निर्माण कार्य में योगदान देते हैं, वही सच्चा देशभक्त है ,वही राष्ट्रवादी है | हमारे मजदूर ही सही मायने में राष्ट्रभक्त है, सच्चा राष्ट्रवादी है |
          जय मजदूर ! जय भारत !!


कालीपद ‘प्रसाद’